भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत (MY Bharat) के तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत जिले के युवाओं के लिए विभिन्न जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना, उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करना है।
जिला युवा अधिकारी सुश्री मुस्कान जैन के नेतृत्व में यह आयोजन 25 जुलाई 2026 को कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में किया जाएगा। जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवा (व्यक्तिगत अथवा समूह) इसमें भाग ले सकते हैं।
प्रतियोगिताओं में लोकगीत (संगीत), नृत्य, नुक्कड़ नाटक/माइम एक्ट, पेंटिंग, वाद-विवाद/एलोक्यूशन, शॉर्ट फिल्म/रील निर्माण, स्लोगन लेखन तथा स्लैम पोएट्री जैसी कुल 8 विधाओं को शामिल किया गया है। सभी प्रतियोगिताओं का विषय “नशा मुक्त भारत” रहेगा, जिसके माध्यम से युवा अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत करेंगे।
प्रतिभागियों को MY Bharat पोर्टल पर पंजीयन कर अपनी संबंधित प्रतियोगिता पर अप्लाई करना होगा । जिला स्तर पर चयनित विजेता प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर मंदसौर जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा।


