अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस वर्ष “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 21 जून 2026 को प्रातः 5:30 बजे से 8:00 बजे तक नूतन खेल परिसर स्टेडियम, मंदसौर में किया जाएगा।
जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं आमजन की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के दौरान कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा तथा योग के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोगी जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में विभिन्न जागरूकता एवं योग संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा अधिक से अधिक नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता करने तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई है।
जिला आयुष अधिकारी ने सभी नागरिकों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है।


